अब खाटू श्याम, सालासर, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन की भी मुफ्त तीर्थ यात्रा कराएगी मान सरकार: अश्वनी अग्रवाल

कहा: इन तीनों नए तीर्थ यात्रा रूटों के लिए पंजीकरण अगस्त माह में शुरू होगा

जालंधर/

अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन अश्वनी अग्रवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा अगस्त माह से मुफ्त तीर्थ यात्रा योजना का दायरा बढ़ाने के फैसले का स्वागत करते हुए इसे श्रद्धालुओं के लिए ऐतिहासिक और जनहितैषी कदम बताया।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार पहले से ही मुफ्त तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं को श्री दरबार साहिब और श्री आनंदपुर साहिब के दर्शन करवा रही है। मुफ्त तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत एसी बसों, होटल, भोजन तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का पूरा खर्च पंजाब सरकार वहन करती है।

श्री अग्रवाल ने कहा कि अब सरकार ने इस योजना का विस्तार करते हुए खाटू श्याम जी, सालासर बालाजी, हरिद्वार-ऋषिकेश तथा मथुरा-वृंदावन को भी इसमें शामिल करने का निर्णय लिया है। इन तीनों नए तीर्थ यात्रा रूटों के लिए पंजीकरण अगस्त माह में शुरू होगा। इसके तहत सरकार करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं को इन पवित्र स्थलों के दर्शन कराने की तैयारी कर रही है। इससे अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को अपने आराध्य स्थलों के दर्शन का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इस फैसले से विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी, जो वर्षों से इन पवित्र तीर्थ स्थलों के दर्शन की इच्छा रखते थे, लेकिन आर्थिक कारणों से नहीं जा पाते थे।

अश्वनी अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी धर्मों और वर्गों की आस्था का सम्मान करते हुए जनकल्याणकारी फैसले ले रही है। मुफ्त तीर्थ यात्रा योजना का लगातार विस्तार इस बात का प्रमाण है कि सरकार लोगों की धार्मिक भावनाओं के साथ-साथ उनकी सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रख रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी पंजाब सरकार जनता की सेवा और जनकल्याण के लिए इसी प्रकार के लोकहितैषी एवं जनकल्याणकारी निर्णय लेती रहेगी।