श्री गुरु रविदास महाराज जी की शिक्षाओं को घर-घर पहुँचा रही विशेष डाक्यूमेंट्री फिल्म को मिल रहा समर्थन

गाँव लुटेरा खुर्द, कोटली जैमल सिंह, लद्देवाली, आलेवाली, बिनपालके और चाहड़के में दिखाई गई दस्तावेजी फिल्म
जालंधर, 25 जुलाई : पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित जिले के विभिन्न गांवों में डॉक्यूमेंट्री वैनों के माध्यम से दिखाई जा रही विशेष फिल्म को काफी समर्थन मिल रहा है। इसी कड़ी के तहत बीती शाम जिले के गांव लुटेरा खुर्द, कोटली जैमल सिंह, लद्देवाली, आलेवाली, बिनपालके और चाहड़के में एलईडी स्क्रीन के जरिए गांववासियों को करीब 30 मिनट की यह डाक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई।
डाक्यूमेंट्री के माध्यम से उपस्थित लोगों को श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, दर्शन, उनके भाईचारे, मानवता और सामाजिक सद्भावना संबंधी संदेश से अवगत कराया गया। पंजाब सरकार के इस प्रयास के तहत जिले में 3 डाक्यूमेंट्री वैनों के जरिए रोजाना 6 गांवों में विशेष डाक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई जा रही है और लोगों को गुरु जी के जीवन के महत्वपूर्ण पहलुओं, उच्च आदर्शों तथा सामाजिक सुधारों के लिए उनके योगदान के बारे में जानने और समझने का अवसर मिल रहा है।
गांववासियों ने पंजाब सरकार के इस प्रयास की भरपूर सराहना करते हुए डाक्यूमेंट्री को प्रेरणादायक और समाज के लिए मार्गदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी पहलें लोगों, खासकर युवाओं को हमारे महान गुरुओं और संतों के जीवन व शिक्षाओं से अवगत कराने में अहम भूमिका निभाती हैं। निवासियों ने कहा कि पंजाब सरकार की पहल न केवल गुरु जी के जीवन और विचारधारा के बारे में लोगों को जागरूक कर रही है, बल्कि समाज में आपसी प्यार, साझेदारी और सामाजिक सद्भावना को भी मजबूत कर रही है।